अयोध्या जिले के रुदौली विधानसभा में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए मंगलवार को पस्ता माफी बाढ़ चौकी पर विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में 350 राहत किट वितरित की गईं। कैथी मांझा, पटरंगा मांझा, सराय नासिर, मुजेहना, अब्बूपुर, पसैया तटबंध और नैपुरा के आंशिक बाढ़ प्रभावित परिवारों को किट दी गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत कार्य लगातार जारी रखने की बात विधायक ने कही। विधायक ने बताया कि इस सत्र में रुदौली तहसील क्षेत्र में अब तक 3390 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। आठ अगस्त से शुरू हुआ राहत वितरण मंगलवार को 12वें चरण में पहुंचा। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार सर्वे कराया जा रहा है। जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए 700 और राहत किट वितरित कराई जाएंगी। राहत किट में आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, नमक, नहाने की बाल्टी, तिरपाल समेत कुल 26 प्रकार की सामग्री दी गई। वितरण के दौरान एसडीएम विनोद गुप्ता समेत ग्राम प्रशासक राम सदल, क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, महेंद्र वर्मा और शिव प्रताप मौजूद रहे।