अयोध्या के राम जन्मभूमि सुरक्षा क्षेत्र में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 63वीं बटालियन के हवलदार महेंद्र प्रताप यादव (43) का बीमारी के चलते लखनऊ के कमांड अस्पताल में निधन हो गया। बुधवार रात करीब 11:40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। करीब डेढ़ माह पहले तबीयत खराब होने पर बटालियन की ओर से उन्हें कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को उनका पार्थिव शरीर मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के पैतृक गांव मवई खुर्द पूरे कटरा लाया गया। सीआरपीएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। असिस्टेंट कमांडेंट चंद्रसेन चौधरी, एसआई पुष्पेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष और प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह समेत 63वीं बटालियन के जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ गांव के बाहर बाग में अंतिम संस्कार किया गया। महेंद्र प्रताप तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई चंद्रिका प्रसाद लेक्चरर पद से और मझले भाई आत्मा प्रसाद आर्मी मटेरियल कोर से सेवानिवृत्त हैं। उनके परिवार में पत्नी सुनीता और पुत्र प्रियांशु हैं। निधन की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।