अयोध्या में दीपोत्सव का उल्लास छा गया है। दीपों के महापर्व के अवसर पर साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा (उत्सव यात्रा) निकाली गई। यात्रा के शुभारंभ के साथ ही पूरा मार्ग जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियां, पारंपरिक लोकनृत्य और रामायण कालीन वेशभूषा में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में स्कूली बच्चों, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा में एक ओर राम दरबार और पुष्पक विमान की झांकियों के जरिये त्रेतायुग की झलक दिखाई गई, तो दूसरी ओर अयोध्या के आधुनिक विकास, स्वच्छता और डिजिटल प्रगति को दर्शाने वाले मॉडल भी शामिल किए गए। इस तरह आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत और बदलती अयोध्या की तस्वीर भी सामने आई। साकेत महाविद्यालय से शुरू हुई यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क पहुंचेगी, जहां मुख्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए हैं। दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। पूरे शहर में उत्सव का माहौल है।