मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आठ सितंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम शुरू हो गया है। बारिश के कारण मैदान में उगी घास को कर्मचारियों ने काटना शुरू कर दिया है। मंच के लिए करीब आठ डीसीएम से सामान पहुंचना भी शुरू हो गया है। मंच के बगल में करीब 100 मीटर की दूरी पर अस्थायी हेलीपैड बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि सात सितंबर तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच, हेलीपैड समेत अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।