अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में दाखिल चार्जशीट में पुलिसकर्मियों की गवाही मुकदमे की अहम कड़ी साबित होगी। इस मामले में कुल 25 पुलिसकर्मियों को गवाह बनाया गया है, जिनकी गवाही आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों को अदालत में साबित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिस द्वारा बनाए गए 25 गवाहों में 13 कांस्टेबल, नौ उपनिरीक्षक, दो इंस्पेक्टर और मामले के विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी शामिल हैं। ये सभी पुलिसकर्मी जांच के विभिन्न चरणों से जुड़े रहे हैं। अदालत में इनकी गवाही के दौरान घटना की सूचना मिलने से लेकर आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी, पूछताछ, बरामदगी, साक्ष्यों के संकलन और विवेचना में तैयार किए गए दस्तावेजों से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई भी विवेचना का हिस्सा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों से अदालत में इन कार्रवाइयों की प्रक्रिया और उसमें उनकी भूमिका को लेकर सवाल-जवाब किए जाएंगे। बचाव पक्ष की जिरह में पुलिस की विवेचना और साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होगी।