अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से रुदौली तहसील क्षेत्र में बाढ़ का असर बढ़ गया है। नदी का पानी बंधे तक पहुंच गया है। कैथी, सल्लाहपुर, पटरंगा माझां, कैथी माझां और अब्बुपुर गांवों के किनारे पानी पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बाढ़ की स्थिति को लेकर एसडीएम रुदौली विनोद गुप्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। विधायक की ओर से 350 राहत सामग्री का वितरण किया गया है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित लोगों को सुबह-शाम लंच पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। आज के वितरण को शामिल करते हुए अब तक करीब 3400 लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। एसडीएम ने बताया कि खेतों में भरे पानी से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे लेखपालों के माध्यम से कराया जा रहा है। लेखपाल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों के नुकसान का आकलन कर रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भी भूसे का वितरण कराया जा रहा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। जलस्तर पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के पानी और नदी के आसपास जाने से बचें। किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल तहसील प्रशासन को सूचना दें।