शारदीय नवरात्र के दृष्टिगत मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को ऐहार चौकी क्षेत्र के बैतौली गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चौकी प्रभारी स्तुति गुप्ता ने दुर्गा पंडाल में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। चौकी प्रभारी स्तुति गुप्ता ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 102, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी। इस दौरान सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अभियान में चौकी प्रभारी स्तुति गुप्ता के साथ उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल छोटेलाल कनौजिया, कांस्टेबल सलमान अली और कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव मौजूद रहे।