रामनगरी अयोध्या में लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय कार्यसमिति एवं कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक रविवार से विश्व हिंदू परिषद के रामसेवक पुरम स्थित यात्री निवास, रामघाट में शुरू हुई। बैठक में देशभर के विभिन्न प्रांतों से करीब 160 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। बैठक का मार्गदर्शन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल करेंगे। बैठक में लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों, उद्यमियों की समस्याओं और संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर मंथन किया जाएगा। बैठक 8 सितंबर तक चलेगी। इसी क्रम में सोमवार, 7 सितंबर को शाम पांच से सात बजे तक उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा और सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में विभिन्न जिलों से करीब 300 उद्यमियों के शामिल होने की संभावना है।