अयोध्या में शुक्रवार शाम रुदौली क्षेत्र के कोड़रा गांव निवासी दंपति की बाइक को इनायतनगर में तेज रफ्तार इनोवा कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जितेंद्र कुमार और उनकी पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने ऑटो से सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जितेंद्र कुमार शुक्रवार करीब 4:30 बजे पत्नी आरती को बाइक (यूपी 42 बीडी 3857) से लेकर इनायतनगर बाजार स्थित चिकित्सक के पास दवा कराने जा रहे थे। मिल्कीपुर तहसील मोड़ से मुड़ते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को ऑटो से तत्काल सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह भी सीएचसी पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी पीयूष ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।