अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में दो दिनों से लापता शिव कैलाश निषाद (40) का शव गोमती नदी में मिला। शव घर से करीब 70 किमी दूर अमेठी जिले के अन्नभुला जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को मिला। नदी में शव बहता देखकर स्थानीय निषादों ने इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेंद्र आजाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को भी बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त शिव कैलाश के रूप में की। इसके बाद अमेठी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गौरतलब है कि मीरमऊ घाट निवासी शिव कैलाश निषाद का घर गोमती नदी के किनारे है। शनिवार सुबह वह घर से बाहर गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान छोटे बच्चों ने नदी किनारे उनकी चप्पल पड़ी होने की जानकारी दी। इसके बाद उनके नदी में गिरने की आशंका जताई गई। शिव कैलाश की तलाश में बाबा बाजार पुलिस टीम बोट से गोमती नदी में उतरी थी। तेज बहाव के बीच पुलिस टीम सुल्तानपुर जनपद की सीमा तक पहुंची, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिला था। सोमवार को अमेठी में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से शिनाख्त कराई। बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेंद्र आजाद ने बताया कि अमेठी जनपद में शव बरामद हुआ है। परिजनों से शिनाख्त कराने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।