अयोध्या में तीन दिन की मूसलाधार बारिश थमने और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पर्चा काउंटर पर लंबी लाइनें लग गईं। बारिश के कारण पिछले तीन दिन लोग घरों से नहीं निकल पाए थे। रविवार को ओपीडी बंद होने से सोमवार को एक साथ सारे मरीज पहुंच गए। जिला अस्पताल में जहां रोज 1200 मरीज आते हैं, वहीं आज 2000 से ज्यादा मरीज पहुंचे। बारिश के बाद वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, उल्टी-दस्त और स्किन इंफेक्शन के मरीज सबसे ज्यादा हैं। जलभराव वाले इलाकों से आए मरीजों की संख्या ज्यादा रही। मेडिसिन, बाल रोग और चर्म रोग विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ रही। भीड़ बढ़ने से डॉक्टरों और स्टाफ को भी काफी दिक्कत हुई। दवा काउंटर पर घंटों लाइन में लगना पड़ा। सीएमएस ने बताया कि भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है।