फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या के रुदौली में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों ने विधायक की चौपाल में लगाई गुहार

अयोध्या के रुदौली में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा विधायक रामचंद्र यादव प्रत्येक रविवार को डाक बंगले में चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते हैं। रविवार को आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। चौपाल में सबसे अधिक संख्या उन दुकानदारों और मकान मालिकों की रही, जिनके प्रतिष्ठान और मकान भेलसर-इनहौना मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। व्यापारियों ने विधायक से प्रस्तावित तोड़फोड़ की कार्रवाई पर रोक लगाकर नियमानुसार समाधान कराने की मांग की। रुदौली नगर के कटरा मोहल्ले से माता हलवाई की दुकान के मालिक संजय, अमरीश गुप्ता, उपवन रेस्टोरेंट के मालिक राहुल गुप्ता, सतींद्र प्रकाश शास्त्री समेत सैकड़ों व्यापारी विधायक की चौपाल में पहुंचे। व्यापारियों ने बताया कि भेलसर-इनहौना मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से उनके मकान और दुकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं। इसके बाद कुछ लोगों ने अपने स्तर से निर्माण हटाना भी शुरू कर दिया है। व्यापारियों को आशंका है कि जल्द ही विभागीय स्तर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हो सकती है। व्यापारियों ने विधायक को बताया कि लंबे समय से दुकानें चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण के कारण दुकानें प्रभावित होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं जिन लोगों के मकान इसकी जद में आ रहे हैं, उनके सामने रहने की समस्या भी पैदा होगी। उन्होंने विधायक से मांग की कि बिना उचित प्रक्रिया पूरी किए किसी तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई न की जाए और प्रभावित लोगों की समस्या का समाधान कराया जाए। चौपाल में व्यापारियों ने कटरा मोहल्ले में माता हलवाई की दुकान, अमरीश गुप्ता के मकान और हनुमानगढ़ी मंदिर के नीचे बनी दुकानों समेत मार्ग की जद में आ रहे अन्य प्रतिष्ठानों का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों का कहना था कि विकास कार्य का वे विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन प्रभावित दुकानदारों और भवन स्वामियों की स्थिति को देखते हुए उचित समाधान के बाद ही कार्रवाई की जाए। विधायक रामचंद्र यादव ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों की समस्या पर उन्होंने एसडीएम से वार्ता की। विधायक के निर्देश पर सोमवार को तहसील में लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को बुलाकर मामले पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले को नियमानुसार देखा जाएगा और प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास कार्यों के दौरान प्रभावित होने वाले लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमानुसार कार्रवाई करने और प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने को कहा। चौपाल में सड़क चौड़ीकरण के अलावा बिजली, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका और अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी पहुंचीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों पर कार्रवाई कर फरियादियों को राहत दिलाने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें