मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों का असर बढ़ने लगा है। रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 1695 मरीज पहुंचे। कोई कई दिनों से बुखार से परेशान था तो किसी को खांसी, जुकाम और बदन दर्द की शिकायत थी। मरीजों ने चिकित्सकों को अपनी परेशानी बताई। जांच के बाद उन्हें दवाएं और जरूरी परामर्श दिया गया। पांच गंभीर मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। सुबह 11:20 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगवां में चिकित्सक डॉ. सतीश रावत मरीजों की जांच कर रहे थे। एएनएम साक्षी तिवारी भी मौजूद थीं। इसी दौरान जगदीश प्रसाद दुबे पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर को बताया कि कई दिनों से बुखार आ रहा है। शरीर में दर्द और कमजोरी भी महसूस हो रही है। डॉ. रावत ने उनकी परेशानी सुनी और जांच के बाद दवा लेने की सलाह दी। इसके बाद कौशल्या पहुंचीं। उन्होंने खांसी और गले में खराश की शिकायत बताई। चिकित्सक ने लक्षण पूछे और जांच के बाद दवा दी। रामरती ने बदन दर्द और कमजोरी की परेशानी बताई। निर्मला सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत लेकर पहुंचीं। वहीं, दूधनाथ ने रक्तचाप की समस्या बताई। एएनएम साक्षी तिवारी ने उनका बीपी जांचा। चिकित्सक ने नियमित दवा लेने और समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी। पीएचसी भटगवां में कुल 70 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। फार्मासिस्ट सीमा ने दवाएं वितरित कीं। लैब टेक्नीशियन रामकुमार ने 21 मरीजों की खून की जांच की। वार्ड बॉय सतीश, रत्नेश और आशा संगिनी संध्या सिंह सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सीएमओ ने जायस और जामो पीएचसी का किया निरीक्षण मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दौरान सीएमओ डॉ.अंशुमान सिंह ने जायस और जामो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार की जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों को मरीजों को समय से उपचार और दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बुखार और खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक जिले के 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे 1695 मरीजों में अनुमानित तौर पर बुखार के 480, खांसी-जुकाम के 525 और पेट दर्द के 260 मरीज शामिल रहे। इसके अलावा बदन दर्द, त्वचा रोग, बीपी, शुगर और अन्य समस्याओं से पीड़ित करीब 430 मरीजों ने उपचार कराया।