फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: अमेठी में मंदिर परिसर में जलभराव, गर्भगृह तक पहुंचा बारिश का पानी

Akash Dwivedi Updated Fri, 04 Sep 2026 12:02 PM IST

लगातार बारिश से बनभरिया स्थित प्रकटेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में जलभराव हो गया है। बारिश का पानी गर्भगृह तक पहुंचने से वहां स्थापित मूर्तियां पानी में डूब गई हैं। मंदिर परिसर में पानी भरा होने से पूजा-अर्चना और आरती प्रभावित हो रही है। जन्माष्टमी पर्व पर मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। तीन दिन से जल निकासी की मांग पूरी नहीं होने पर शुक्रवार को नाराज ग्रामीण मंदिर के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। मंदिर के महंत अस्वानी कुमार अवस्थी, राहुल अवस्थी, सुरेश दीक्षित, गुड्डू तिवारी समेत दर्जनों ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर परिसर से पानी निकासी के लिए पहले रास्ता था। इसे कुछ लोगों ने बंद कर दिया है। रास्ता बंद होने से बारिश का पानी मंदिर परिसर में जमा हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन से प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की जा रही है, मगर अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को मौनी स्वामी मंदिर परिसर पहुंचे और जलभराव की स्थिति देखी। उन्होंने मौके से तहसील प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों के अनुसार, अधिकारियों को जानकारी दिए जाने के 24 घंटे बाद भी जल निकासी नहीं कराई गई। शुक्रवार को ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि गर्भगृह में पानी भरा होने से भगवान की पूजा-अर्चना और आरती प्रभावित हो रही है। जन्माष्टमी पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने और धार्मिक कार्यक्रम होने हैं। ऐसे में परिसर में जलभराव रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। ग्रामीणों ने तत्काल पानी निकालने और जल निकासी का स्थायी समाधान कराने की मांग की। धरने की सूचना पर कमरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने कहा कि स्थायी जल निकासी की व्यवस्था होने तक समस्या बनी रहेगी। थानाध्यक्ष कमरौली मुकेश पटेल ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। जल निकासी के लिए प्रशासन से वार्ता की गई है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें