संग्रामपुर के मिसरौली मार्केट में चोरों ने बृहस्पतिवार रात चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकानदारों से चोरी हुए सामान की जानकारी ली। ठेंगहा निवासी राम पियारे ने बताया कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 2,500 रुपये नकद और करीब 1,000 रुपये कीमत का गुटखा, सिगरेट व अन्य सामान ले गए। चक्रधरपुर निवासी कृष्ण कुमार उर्फ पप्पू की दुकान से करीब 2,000 रुपये नकद चोरी हुए। कपिल यादव की दुकान से सुपारी और करीब 50 रुपये नकद चोरी हुए। करनाईपुर निवासी गुलाब सिंह की दुकान में ग्राहक की मरम्मत के लिए रखी दो पुरानी साइकिलें, टायर-ट्यूब समेत अन्य सामान भी चोर उठा ले गए। दुकानदारों के अनुसार, चारों दुकानों से करीब 30 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। मिसरौली मार्केट में लगातार चोरी की घटनाओं से दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। बताया गया कि 28 जुलाई को भी मार्केट में करीब 100 मीटर की दूरी पर चोरी हुई थी। दुकानदारों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि दुकानों में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है।