अमेठी में विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मियों की घोषित तीन दिवसीय हड़ताल टलने के बाद सोमवार को बैंकों में कामकाज सामान्य रहा। सुबह निर्धारित समय पर शाखाओं के दरवाजे खुले तो लेनदेन शुरू होने के साथ ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ गई। कई लोग पहले से लंबित बैंकिंग काम निपटाने पहुंचे। संगठन के जिलाध्यक्ष बंटी यादव ने बताया कि सरकार और संगठन पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि संगठन की मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया। बैंक पहुंचे बुजुर्ग राम सजीवन, केदारनाथ आदि ने बताया कि उन्हें हड़ताल की जानकारी पहले से थी। सोमवार को बाजार आने पर बैंक खुला देखकर उन्होंने पेंशन से संबंधित जरूरी काम निपटाए। उन्होंने कहा कि लगातार कई दिन बैंक बंद रहने से काम टल गया था, इसलिए शाखा खुलने की जानकारी मिलते ही पहुंच गए। वहीं विनोद कुमार, संजय मिश्रा और रामकृष्ण ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर पहले बैंक हड़ताल की सूचना और बाद में हड़ताल समाप्त होने का संदेश आया था। इसी वजह से उन्होंने सोमवार को शाखाएं खुलने की पुष्टि होने के बाद बैंक पहुंचकर अपना काम कराया। बैंक खुलने से लेनदेन समेत अन्य जरूरी सेवाएं फिर पटरी पर लौट आईं।