उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे। उन्होंने जाफरगंज स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी) पहुंचकर एसएससी बोस, होमी भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का लोकार्पण किया। करीब एक हजार छात्रों के लिए हाईटेक सुविधाओं से तैयार किए गए इन छात्रावासों से संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। उपमुख्यमंत्री के पहुंचने पर संस्थान के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रावासों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। छात्रावासों में विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे संस्थान में अध्ययनरत छात्रों को आवास के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। आरजीआईपीटी में कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। प्रशासन की ओर से उनके दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उपमुख्यमंत्री भाजपा के पूर्व पदाधिकारी भागीरथी मौर्य के घर भी जाएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 17 लाभार्थियों को लाभ दिए जाने की जानकारी दी गई है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति पर भी नजर रहेगी।