अमेठी में लगातार हो रही बारिश ने खेतों के साथ आम परिवारों की रसोई का हिसाब भी बिगाड़ दिया है। मंडियों में आवक कम होने से सब्जियों के दाम तेजी से बढ़े हैं। हालात यह हैं कि कुछ दिन पहले 20 रुपये किलो बिकने वाली सब्जियां अब 60 से 80 रुपये तक पहुंच गई हैं। जिले के बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों का कहना है कि महंगाई के चलते थाली से पसंद की सब्जियां कम होती जा रही हैं। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी बारिश के कारण आवक घटने और सब्जियों के दाम बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। सब्जी विक्रेता सुनील जायसवाल, अनिल कुमार और रवि ने बताया कि खेतों में पानी भरने, तुड़ाई प्रभावित होने और रास्तों पर जलभराव के कारण माल कम पहुंच रहा है। इसका सीधा असर फुटकर बाजार पर पड़ रहा है। गृहिणी सरोज देवी ने कहा कि पहले सौ रुपये में कई तरह की सब्जियां आ जाती थीं, अब इतनी रकम में दो-तीन सब्जियां ही मिल पा रही हैं। कविता के अनुसार बच्चों की पसंद की सब्जियां खरीदना मुश्किल हो गया है। रीना ने बताया कि परिवार का मासिक बजट पहले से तय है, लेकिन रोज बढ़ते भाव से खर्च संभालना कठिन हो रहा है। शांति देवी ने कहा कि महंगाई के कारण दाल या आलू जैसी सस्ती चीजों से काम चलाना पड़ रहा है।