अंबेडकरनगर। बारिश और तेज हवा की मार झेल रहे जिले में रविवार को सुबह मौसम कुछ देर के लिए साफ हुआ और धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद एक बार फिर आसमान में बादल घिर आए। देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं खेतों में पहले से जमा पानी के बीच फिर हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के कई इलाकों में धान की फसल गिरने, खेतों में पानी भरने और सब्जियों को नुकसान की समस्या बनी हुई है।