अंबेडकरनगर जिले के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बरियावन-किछौछा मार्ग पर हंसराज बालिका इंटर कॉलेज के पास हुई घटना को लेकर भूमाफिया पर निशाना साधा। बृहस्पतिवार को जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भूमाफिया अभी भी सपा का राज्य समझ रहे हैं, जबकि यह बाबा का राज्य है। गरीबों के घरों पर बुलडोजर नहीं चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गरीबों के आशियाने और रोजी-रोटी को नुकसान पहुंचाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। इस दौरान मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। प्रदेश सचिव रविकांत प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राजभर, जिलाध्यक्ष जगलाल राजभर, विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र राजभर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।