समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई पीडीए रथयात्रा को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बृहस्पतिवार को अकबरपुर स्थित सर्किट हाउस में तीखी टिप्पणी की। अखिलेश यादव के ‘27 विजय भव’ पोस्टर पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि कुछ दिन बाद इसी रथ पर ‘विजय भव’ की जगह ‘विनाश भव’ लिखा जाएगा। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव रायबरेली में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने जा रहे हैं। सपा नेताओं और पुलिस अधिकारी के बीच हुए विवाद का हवाला देते हुए अखिलेश के रायबरेली दौरे पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव के रथ पर ‘27 विजय भव’ पोस्टर में हनुमान जी के चित्र को लेकर भी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि हनुमान भगवान राम के भक्त हैं और अखिलेश यादव अब तक अयोध्या भगवान राम के दर्शन करने नहीं गए हैं। राम के दर्शन किए बिना हनुमान का आशीर्वाद कैसे मिलेगा। राजभर ने शिवपाल यादव पर सपा सांसद रमाशंकर राजभर (सलेमपुर) और राम भुआल निषाद (सुल्तानपुर) के मंच से नीचे बैठने पर भी निशाना साधा।