अंबेडकरनगर। कटका थाना क्षेत्र के पाभीपुर गांव में सोमवार देर रात करीब दो बजे पिकअप सवार चार लोगों ने रामलाल निषाद के घर से करीब 15 हजार रुपये कीमत की बकरी चोरी कर ली। बकरी चोरी कर भाग रहे आरोपियों का रामलाल और उनके बेटे सूरज निषाद ने पीछा किया। दिनकरपुर गांव के पास आरोपियों ने रामलाल के साथ मारपीट की और चलती पिकअप से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के सिर में तीन टांके लगे हैं। पीड़ित के मुताबिक, क्षेत्र में पहले भी भैंस और घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उनका खुलासा नहीं हुआ है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत है। कटका थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।