हंसवर क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में हंसवर में तैनात दरोगा रवि यादव के बाजू से गोली छूकर निकल गई। जवाब में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो शातिर बदमाश शिवम व जीशान घायल हो गए। पुलिस ने दरोगा व बदमाशों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी में भर्ती कराया गया है। मौके से भाग रहे एक अन्य बदमाश मंजीत को भी गिरफ्तार किया गया है। सीओ टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि हंसवर पुलिस रविवार शाम शातिर अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन शातिर अपराधी हंसवर क्षेत्र में किसी की हत्या की वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने दो टीमों के साथ ग्राम मंगताहिया, मजरा शेमउर खानपुर नहर के पास घेराबंदी की और तीनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दी जिसमें एक गोली दरोगा रवि यादव निवासी शादात जनपद गाजीपुर के बाएं बाजू को छूते हुए निकल गई। इसके जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। इनकी पहचान जीशान निवासी ग्राम ढेकवा और शिवम यादव निवासी ग्राम जल्लापुर आलापुर के रूप में हुई। इस दौरान मौके से भाग रहे मंजीत पांडेय निवासी भटपुरवा अतरौलिया आजमगढ़ को भी गिरफ्तार किया गया।