अंबेडकरनगर: सम्मनपुर क्षेत्र के सुल्तानगढ़ गांव में गर्भवती पत्नी की मौत के बाद दहेज का सामान वापस करने को लेकर बुधवार को बुलाई गई पंचायत में विवाद हो गया। आरोप है कि मृतका के पति सर्वेश गुप्ता ने अपने साथियों के साथ ससुर, दो साढ़ुओं और चचिया ससुर की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद घनश्याम ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुल्तानगढ़ निवासी सर्वेश गुप्ता (30) का विवाह करीब ढाई वर्ष पहले भीटी क्षेत्र के बेनीपुर गद्दोपुर निवासी नीलम (25) के साथ हुआ था। नीलम आठ माह की गर्भवती थीं। 22 सितंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने और हाथ-पैर में सूजन आने पर सर्वेश उन्हें जिला अस्पताल ले गए। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में नीलम की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद मायके पक्ष ने सर्वेश से शादी में दिए गए सामान को वापस करने की मांग शुरू की। सर्वेश ने 13वीं के बाद सामान लौटाने की बात कही थी। इसी सिलसिले में बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें सियाराम अपने दामाद सुनील और महेंद्र तथा छोटे भाई घनश्याम के साथ पहुंचे। बातचीत के दौरान सामान लौटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।