अंबेडकरनगर: सरयू नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को नदी का जलस्तर तीन सेंटीमीटर बढ़कर 84.91 मीटर पहुंच गया। नदी अब खतरे के निशान से महज 65 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है और आराजी देवारा व मांझा कम्हरिया के ग्रामीणों को एक बार फिर बाढ़ की आशंका सताने लगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के बीच सरयू का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। सोमवार को जलस्तर 84.88 मीटर से बढ़कर 84.91 मीटर हो गया। पानी बढ़ने से आराजी देवारा बंधे के आसपास और करिया लोनिया का पूरा गांव तक पानी पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी इसी रफ्तार से बढ़ती रही तो जल्द ही हालात मुश्किल हो सकते हैं।