आगरा के फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजा स्मारक के निकट स्थित शाही तालाब झालरा में रविवार दोपहर गृह क्लेश से परेशान एक युवती ने छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में उतरकर उसे बचा लिया। कस्बे के मोहल्ला सराय पुख्ता निवासी 25 वर्षीय युवती रविवार दोपहर बुलंद दरवाजा के समीप स्थित शाही तालाब झालरा पहुंची थी। बताया गया है कि गृह क्लेश के चलते उसने तालाब में छलांग लगा दी। युवती को डूबता देख वहां मौजूद अल्ताफ कुरैशी, कालिया अब्बासी, दानिश मिर्जा और कमाल बेग ने तालाब में छलांग लगा दी। युवकों ने रस्सियों के सहारे युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।