आगरा के बरौली अहीर में एकता थाना क्षेत्र के गांव गुतीला में समर्सिबल के पानी के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर लाठी-डंडे तथा लात-घूंसे चले। इस दौरान महिलाओं के बीच भी जमकर मारपीट हुई। गुस्से में एक महिला ने डंडे से वहां खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा होता दिखाई दे रहा है। करीब 1 मिनट 51 सेकंड के एक वीडियो में एक युवक किशोरी को लात-घूंसों और लाठियों से पीटता नजर आ रहा है। वहीं, महिलाओं के बीच भी मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर दबंगई करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची थाना एकता पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल लोगों को तत्काल अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। एसीपी ताज यतेंद्र कुमार नागर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।