आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने बीएड प्रथम और द्वितीय वर्ष 2026 की छूटी हुई प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। आगरा समेत मैनपुरी, फिरोजाबाद और मथुरा के ऐसे विद्यार्थी, जो निर्धारित समय पर अपनी प्रायोगिक या मौखिक परीक्षा नहीं दे सके थे, अब दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए आरबीएस कॉलेज, आगरा को नोडल परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीएड द्वितीय वर्ष की छूटी हुई परीक्षा 8 सितंबर को होगी। वहीं बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा 9 से 12 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आरबीएस कॉलेज में उपस्थित होना होगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ओम प्रकाश ने चारों जनपदों के संबंधित कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने यहां के विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य यह है कि परीक्षा छूटने के कारण कोई विद्यार्थी दोबारा अवसर से वंचित न रह जाए।