विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने ताज परिसर, प्रवेश द्वारों और यमुना किनारे के संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस प्रशासन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को परखा। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।