लेडी लॉयल में अल्ट्रासाउंड के लिए गर्भवती महिलाओं को महीने भर बाद की तारीख मिल रही है। एसएन में जांच कराने के लिए मरीजों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। रिपोर्ट के लिए भी चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लेडी लॉयल में रोजाना ओपीडी में रोजाना 80-100 गर्भवती अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आती हैं। इनमें से 40-50 महिलाओं के ही अल्ट्रासाउंड हो पा रहे हैं बाकी को आगे की तारीख दी जा रही है। इससे मरीजों को लंबी तारीख मिल रही हैं। कई बार हालत खराब होने पर निजी सेंटरों पर जांच करानी पड़ रही है। ऐसे ही एसएन के हालात हैं। यहां पर पैथोलॉजी जांच के लिए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां पर जांच के बिल, नमूने देने और फिर नमूने जमा कराने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। कई ऐसे भी हैं, जिनकी तय समय पर जांच नहीं होने के कारण चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लेडी लाॅयल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. पुष्पलता का कहना है कि चिकित्सकों की कमी के कारण आगे की तारीख दी जाती है। आपात स्थिति पर प्राथमिकता पर अल्ट्रासाउंड कराया जाता है। एसएन प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि ओपीडी की दूसरी मंजिल बन रही है, वहां पर ही सैंपल कलेक्शन-रिपोर्ट की व्यवस्था की जाएगी।