आगरा में नेशनल हाईवे-19 पर आईएसबीटी के सामने शुक्रवार दोपहर एक पार्सल गाड़ी में आग लग गई। लपटें उठने पर चालक ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आग देखकर अन्य वाहन रुक गए। सूचना पर 20 मिनट बाद दमकल पहुंची, तब आग पर काबू पाया जा सका। हादसा वायरिंग में शाॅर्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। आधा घंटे तक हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे रहे। घटना दोपहर तकरीबन 2:45 बजे की है। भिवानी, हरियाणा निवासी संदीप कुमार एक कंपनी का लोडर चलाते हैं। व्यापारियों का माल ले जाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह ऑटो पार्ट्स और मखाने लेकर वाटरवर्क्स और हाथरस रोड पर डिलीवरी देने जा रहे थे। गुरुद्वारा गुरु का ताल जैसे ही पार किया वैसे ही सीट के पीछे से धुआं निकलता देखा। देखते ही देखते आग लग गई। आग बुझाने का सिलिंडर सीट के पास ही रखा था। मगर वो आग की लपटों के बीच घिर गया। लोगों की मदद से केबिन में रखे कुछ पैकेट निकाल लिए। मगर मखानों के पैकेट जल गए। दमकलों ने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। तब तक गाड़ी जल गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आग की सूचना पर तत्काल ईदगाह और संजय प्लेस फायर स्टेशन से दमकलों को भेजा गया। आग लगने का कारण वायरिंग में शाॅर्ट सर्किट होने की आशंका है।