बाह। बटेश्वर का पशु मेला संपन्न होने के बाद मवेशी के श्रृंगार एवं सजावट की दुकानें लगाने वाले भी लौट रहे हैं। लौटने वाले व्यापारियों ने बताया कि मेला में नफा हुआ न नुकसान। बटेश्वर के ऊंट, घोड़ा, गधा, खच्चर मेला में सजावट एवं श्रृंगार के सामान की दुकानें भी लगती हैं। दुकानों पर घोड़ों की सजावट और श्रृंगार के लिए मोहरा, कलगी, झूल, गद्दी, लगाम, घुंघरू आदि की खरीद होती है। जबकि ऊंट के लिए गोरबंद, काठी, जाली, नकेल, मोरा, माला, गजरा, घुंघरू आदि सामान व्यापारी, किसान लेते हैं। बटेश्वर पशु मेला संपन्न होने के बाद अपने ऊंट, घोड़े, खच्चर लेकर व्यापारी गढ़मुक्तेश्वर एवं पुष्कर का मेला का रुख कई दिन पहले कर चुके हैं। पशु मेला संपन्न होने के साथ ही अपना सजावट और श्रृंगार का सामान समेट कर दुकानदार भी वापस लौटने लगे हैं। 10 साल से दुकान लगाने वाले जलेसर के रवी ने बताया कि मेला में थोड़ा बहुत मुनाफा हुआ है। श्रृंगार एवं सजावट का सामान खूब बिका था। कुछ दिन और मेला चलता तो अच्छी कमाई हो जाती। दिल्ली के कपिल ने बताया कि मेला में नफा हुआ न नुकसान। सजावट के सामान की बिक्री औसत रही। जल्दी मेला संपन्न होने की बजह से अच्छी कमाई नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि पशुओं के मेला में ही देश भर में साजो सामान की दुकान लगाते हैं। अब पुष्कर के मेला में डेरा डालेंगे।