आगरा के खेरागढ़ में लेखपाल संघ के बैनर तले शनिवार को लेखपालों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर अपनी लंबित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इसके बाद लेखपालों ने एसडीएम नरेंद्र गंगवार को मु्ख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई। आठ सूत्रीय ज्ञापन में वेतन विसंगति दूर करने, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण शुरू करने, पदोन्नति सूची जारी करने और नवनियुक्त लेखपालों के स्थायीकरण की मांग की गई। तहसील अध्यक्ष देवेंद्र कुशवाह ने बताया कि बढ़ते कार्यभार और क्षेत्रीय दायित्वों के बावजूद लेखपालों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इस दौरान महेश यादव, कौशल कुमार, दुर्गेश चौधरी, संदीप कटारा, प्रदीप,पुष्पेंद्र सिंह, मोहर सिंह, कप्तान सिंह सहित समस्त लेखपाल शामिल रहे।