फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: अधिवक्ता से मारपीट और रुपये छीने, प्राथमिकी न होने पर धरने की चेतावनी

तहसील आते समय थाना शमसाबाद क्षेत्र में एक अधिवक्ता को घेरकर मारपीट करने और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने और थाने में तहरीर के बाद भी प्राथमिकी दर्ज न होने से अधिवक्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। निवासी वाकलपुर (थाना शमसाबाद) अनिल शर्मा पुत्र सुरेश चंद शर्मा फतेहाबाद तहसील में अधिवक्ता हैं। 8 अक्टूबर को वह रोजाना की तरह घर से तहसील आ रहे थे। आरोप है कि शमसाबाद क्षेत्र में फतेहाबाद-शमसाबाद मार्ग पर कुछ लोगों ने अपनी कार आगे लगाकर उनकी बाइक को रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की गई। बाइक पर पीछे बैठे उनके रिश्तेदार ने जब बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और अनिल शर्मा की जेब में रखे 10 हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद अधिवक्ता ने थाना शमसाबाद में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसकी जानकारी मिलने पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और विरोध जताया। बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा से मिला और पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम ने मामले में जांच कराकर प्राथमिकी दर्ज कराने का आश्वासन दिया है। बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दिनेश पाठक ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार रात तक पीड़ित अधिवक्ता के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है, तो सभी अधिवक्ता धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि शमसाबाद पुलिस आरोपियों को बचाने के लिए केस दर्ज करने में टालमटोल कर रही है। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, जयपाल यादव, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, अरुण पाठक, रविदत्त शर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह धाकरे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें