आगरा। महिला जिला अस्पताल (लेडी लॉयल) में बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई कायाकल्प योजना की टीम के निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं पूरी तरह बदली नजर आईं। टीम के मुआयने को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने चमक-दमक और अनुशासन तो कायम कर दिया, लेकिन इस चक्कर में दूर-दराज से आए तीमारदारों को दिनभर बेहाल होना पड़ा। टीम के आगमन को लेकर अस्पताल में व्यापक तैयारियां की गईं। परिसर में सफाई, शौचालयों की सुधरी स्थिति और जगह-जगह रखे डस्टबिन व्यवस्था की कहानी बयां कर रहे थे। मुख्य द्वार पर स्ट्रेचर व व्हीलचेयर मुस्तैद दिखे, तो गायब सामान भी अपनी नियत जगह पर सजा मिला। मरीजों की भर्ती और जांच की प्रक्रिया भी पूरी मुस्तैदी के साथ चली।