आगरा में राधाष्टमी पर इस्कॉन की ओर से शनिवार को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में भव्य महोत्सव मनाया गया। शाम पांच बजे पुष्पों से सजी श्रीराधा-कृष्ण की भव्य पालकी निकाली गई। कीर्तन करते हुए श्रद्धालु श्रीजगन्नाथ मंदिर से सेवा सदन पहुंचे। यहां 27 पुष्पों और 27 नदियों के जल से राधारानी का अभिषेक किया गया। नीले परिधान और आकर्षक शृंगार में सजी किशोरीजी की मनोहारी छवि के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वृंदावन इस्कॉन मंदिर के वरिष्ठ संन्यासी एवं दीक्षा गुरु प्रबोधानंद सरस्वती स्वामी महाराज और आगरा इस्कॉन अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने राधारानी के प्राकट्य व श्रीकृष्ण की ओर से मोतियों की खेती किए जाने की कथा सुनाई। आयोजन में संजीव मित्तल, नितेश अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, सुनील मनचंदा, राजेश गर्ग, संजीव बंसल, कामता प्रसाद अग्रवाल, आशु मित्तल, शैलेश बंसल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।