आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात ट्रक को ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में लखनऊ से दिल्ली जा रहे कार सवार बैंककर्मी नील की मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के गोमती नगर निवासी नील (42) इंडियन बैंक में कार्यरत थे। वह बुधवार को साथी पंकज कुमार निवासी बरगवां, लखनऊ, आशीष व आकाश निवासी अजय नगर, लखनऊ के साथ कार से लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 12.400 पर पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर आगे मध्य डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में नील गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पंकज, आशीष और आकाश को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने नील को मृत घोषित कर दिया। शव का लखनऊ में पोस्टमार्टम कराया गया। पंकज कुमार ने बताया कि कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में उनके साथी नील की जान चली गई।