आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग में राष्ट्रीय मिर्गी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य समाज से मिर्गी से जुड़े अंधविश्वासों को मिटाना और मरीजों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना था। कार्यक्रम में बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता हुई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। आगरा एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. पीके माहेश्वरी ने बताया कि हर 150 में से एक व्यक्ति इससे प्रभावित होता है और नियमित दवाओं से 70 प्रतिशत मामलों में दौरों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह मस्तिष्क की एक आम न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जो किसी को भी हो सकती है। डॉ. सिद्धार्थ और डॉ. आकांक्षी ने बताया कि दौरा पड़ने पर मरीज को करवट से लिटाएं और आसपास की नुकीली चीजें हटाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दौरे के वक्त मुंह में चम्मच या पानी बिल्कुल न डालें। कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि समय पर निदान और उचित उपचार से मिर्गी के मरीज भी सामान्य जीवन जी सकते हैं। इस दौरान डॉ. मनीष बंसल, मृदुल चतुर्वेदी, डॉ. प्रभात अग्रवाल आदि मौजूद रहे।