आगरा के अवधपुरी इलाके की पुष्पांजलि फेज-3 में शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही पलों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आधी रात को मची चीख-पुकार से आसपास के लोग सहम गए। गनीमत यह रही कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और घर के अंदर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर पुष्पांजलि फेज-3 निवासी मंजू त्यागी के घर में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आंगन में चार्जिंग पर खड़ी स्कूटी में विस्फोट हुआ। देखते ही देखते आग ने वहां खड़ी साइकिल, वॉशिंग मशीन और घर के अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही अवधपुरी चौकी की पुलिस पहुंच गई। चौकी प्रभारी ने देखा कि घर के भीतर तीन लोग फंसे हुए हैं और बाहर आग की लपटें विकराल रूप ले रही थीं। पुलिस टीम ने सबसे पहले बिजली की मुख्य लाइन कटवाई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। जलती हुई स्कूटी को खींचकर घर से बाहर निकाला गया।