उत्तर भारत की प्रसिद्ध रामलीला महोत्सव की तैयारियों के बीच जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार को ऐतिहासिक रामलीला मैदान और भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रामलीला मैदान की चहारदीवारी, नाले की सफाई, रैंप निर्माण, दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई और उच्च स्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। इसके बाद सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट पहुंचकर जनकपुरी की तैयारियों का जायजा लिया गया। राम बारात और जनकपुरी महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है। निरीक्षण के दौरान डीसीपी मनोज कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र वर्मा, श्रीरामलीला कमेटी और जनकपुरी आयोजक समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।