मौसम में बदलाव के चलते एसएन मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा मेडिसिन, हड्डी रोग, त्वचा रोग और वक्ष एवं सांस रोग के मरीज आए। भीड़ अधिक होने के कारण डॉक्टरों ने घंटे भर अतिरिक्त (तीन बजे तक) मरीज देखे। हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र शकुंत ने बताया कि तापमान कम और ठंडी हवाएं चलना शुरू हो गया है। इससे कमर-कंधे और जोड़-मांसपेशियों में जकड़न और दर्द हो रहा है। पुरानी चोट भी परेशान कर रही है। बुजुर्ग मरीजों में गठिया और युवा मरीजों में चोट के दर्द की परेशानी ज्यादा मिल रही है। मेडिसिन विभाग के डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि वायरल फीवर के मरीज फिर से बढ़ने लगे हैं। इसमें जुकाम-खांसी, तेज बुखार, कमजोरी मिल रही है। ठंडा खाने-पीने से गले में संक्रमण और खराश के मरीज भी बढ़े हैं। मीठा-नमकीन खाने से मधुमेह और अनियंत्रित रक्तचाप के मरीज भी बढ़ रहे हैं। दवा देने के साथ बचाव के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में ओपीडी हॉल ठसा-ठस भर गया। यहां इलाज कराने के लिए 4133 मरीज पहुंचे। इस पर पर्चा और दवा लेने के लिए मरीजों को धक्का-मुक्की झेलनी पड़ी। इससे बुजुर्ग मरीज और महिलाओं को ज्यादा परेशानी हुई। डौकी से आए देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी मां को जोड़ों में दर्द होने पर दिखाने लाया। भीड़ देखकर खुद लाइन में लगा। पर्चा, डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में 4-5 घंटे लग गए।