आगरा के यमुनापार के ट्रांसयमुना कॉलोनी में स्थित श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर को भव्य स्वरूप देने की कवायद शुरू हो गई है। मंदिर समिति ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण की मांग के लिए विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह को एक पत्र सौंपा है। समिति का मानना है कि एक भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण से न केवल मंदिर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी। हाल ही में मंदिर परिसर में वार्षिक कलशाभिषेक क्षमावाणी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर समिति की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने भी मंदिर के विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया है। कार्यकारिणी में जितेंद्र जैन 'बंटी' अध्यक्ष, धर्मेंद्र कुमार जैन महामंत्री, राजीव जैन कोषाध्यक्ष और विप्लव जैन प्रचार मंत्री के रूप में चयनित हुए हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष जितेंद्र जैन 'बंटी', महामंत्री धर्मेंद्र कुमार जैन, राजीव जैन, विप्लव जैन के साथ-साथ प्रशांत जैन, संदीप जैन, मोहित जैन, आशीष जैन, अंकित जैन, शेखर जैन उपस्थित रहे।