आगरा। ट्रेन में सफर के दौरान पानी, बिजली, सफाई से लेकर बुजुर्गों के लिए नीचे की बर्थ, दवा, बच्चे के दूध और चिकित्सा सहायता से जुड़ी शिकायतें रेल मदद एप पर दर्ज की गईं हैं। आगरा मंडल में अगस्त माह में ऐप पर कुल 2620 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें सफाई व्यवस्था को लेकर आईं। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि रेल मदद ऐप और एक्स अकाउंट की 24 घंटे निगरानी की जाती है। शिकायत के लिए सामान्य जानकारी, घटना की तारीख व स्थान, मोबाइल नंबर और ई-मेल जैसी जानकारी देनी होती है। शिकायतों के समाधान निर्धारित समय सीमा में किया जाता है। समय पर निस्तारण नहीं होने पर शिकायत उच्च अधिकारी तक पहुंचती है। समाधान की सूचना के बाद यात्री से फीडबैक भी लिया जाता है।