आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव खड़िया में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने सात माह की गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी। मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार खड़िया निवासी नीतू पत्नी निरोत्तम सिंह का आरोप है कि रविवार रात वह परिवार के साथ घर के बाहर दिवाली पर पटाखे चला रही थीं। इसी दौरान पड़ोसियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने एकराय होकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में पति निरोत्तम सिंह, जेठ प्रेमपाल, और देवेन्द्र सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पेट में लात मार दी। महिला सात माह की गर्भवती है। घटना के बाद घायलों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।