आगरा के फतेहाबाद में श्रीमहावीर जी पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को सीबीएसई क्लस्टर-19 वॉलीबाल बालिका चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेल भावना जीवन में आ जाए तो जीवन सुखमय हो जाता है। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 वर्ग में न्यू एरा स्कूल, गाजियाबाद ने एनडी जैन स्कूल, आगरा को लगातार दो सेटों में 2-0 से हराया। डीडीपीएस गाजियाबाद ने गुरुकुल द स्कूल गाजियाबाद को 2-0 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में ग्रीन फील्ड स्कूल, नैनीताल ने गुरुकुल द स्कूल गाजियाबाद को 2-0 से हराया। वहीं सिटी कॉन्वेंट स्कूल, ऊधमसिंह नगर ने विजया इंटरनेशनल स्कूल, आगरा को पराजित कर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की। विद्यालय के चेयरमैन राजेश कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण में अतिथियों, कोचों और खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आगरा राजपाल यादव, नगर अध्यक्ष सपा सब्बीर अब्बास, चौधरी वाजिद निसार, सपा प्रदेश अध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, महामंत्री संतोष पाल सिंह, आशीष शर्मा, अमन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।