आगरा के थाना ट्रांस यमुना में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को कथित तौर पर गाली और धमकी देने से जुड़े वीडियो के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के दो दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। 30 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स सहित अन्य माध्यमों पर एक वीडियो और प्रार्थना पत्र प्रसारित किया गया था। इसमें ट्रांस यमुना क्षेत्र के शोभा विहार कॉलोनी निवासी उदय पंडित को नामजद किया। इसमें आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है। टेढ़ी बगिया चौकी प्रभारी अमित कुमार ने तहरीर दी थी। शुक्रवार को भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रिंकू सेठ और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सौरभ दयाल समेत अन्य पदाधिकारी थाने पहुंचे। उन्होंने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान रामपाल नेताजी, कुलदीप भारती, केवल सिंह, आकाश त्रिवेदी, विष्णु, सन्नी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।