आगरा में शादी-विवाह के सीजन में मैरिज होम और अन्य समारोह स्थलों के आसपास सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। नगर जोन के थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस उपायुक्त नगर जोन रविंद्र कुमार ने निर्देश दिए हैं कि मैरिज होम के आसपास खड़े वाहनों में बैठकर अथवा सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों पर नजर रखी जाए। इसके लिए शाम के समय पैदल गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। डायल-112 के वाहनों और थानों की दोपहिया चीता मोबाइल को लगातार भ्रमणशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शराब सेवन के लिए चिन्हित स्थानों पर विशेष निगरानी कर सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया है।