नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम के तहत आठ और आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध किया है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, सभी आरोपियों को तीन महीने की अवधि के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। इस कार्रवाई के बाद वर्ष 2026 में PIT-NDPS अधिनियम के तहत निरुद्ध किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदेश में इस अधिनियम के तहत अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, निरुद्ध किए गए लोगों में अमित लूथरा निवासी होशियारपुर (वर्तमान निवासी शिमला), सुनील कुमार निवासी ठियोग, अत्तर सिंह निवासी चौपाल, महेश ठाकुर निवासी शिमला, रुब्बल जडाइक निवासी कोटखाई, गोपी चंद निवासी जुब्बल, राजू चौहान निवासी कुमारसैन और मोहित वर्मा निवासी शिमला शामिल हैं। इनमें से दो आरोपियों को 4 नवंबर और छह आरोपियों को 5 नवंबर को निरुद्ध किया गया। पुलिस के मुताबिक, इन आठों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से दो से चार मामले दर्ज हैं। अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। वहीं, अमित लूथरा, सुनील कुमार, महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं। शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, PIT-NDPS अधिनियम के तहत वर्ष 2025 में तीन लोगों को निरुद्ध किया गया था। वहीं, वर्ष 2023 और 2024 में इस अधिनियम के तहत किसी भी व्यक्ति को निरुद्ध नहीं किया गया था। इसके मुकाबले वर्ष 2026 में अब तक 51 लोगों पर निवारक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आदतन नशा तस्करों और सप्लायरों को दोबारा अवैध कारोबार में सक्रिय होने से रोकना है। अब पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई पर भी जोर दे रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।