राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी में जिला स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिलेभर से पहुंचे स्कूली खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 11 खेलों को शामिल किया गया है। इनमें टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, योग, मुक्केबाजी, कुश्ती, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, वुशू और भारोत्तोलन की स्पर्धाएं होंगी। अलग-अलग खेलों में जिलेभर से पहुंचे खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 2 अक्टूबर तक चलेगा। समापन अवसर पर विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।