राजधानी शिमला में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम में ठंडक काफी बढ़ गई, जिससे लोगों को सितंबर के महीने में ही जैकेट और स्वेटर निकालने पड़ गए। दिनभर बारिश और बादलों के बीच शिमला का मौसम कुछ ऐसा रहा कि लोगों को दिसंबर जैसी ठंड का अहसास होने लगा। बारिश के चलते राजधानी की सड़कों पर भी मौसम का असर देखने को मिला। ठंडी हवाओं और बारिश ने तापमान में गिरावट का एहसास कराया। सामान्य तौर पर सितंबर में शिमला में हल्की ठंड शुरू हो जाती है, लेकिन सोमवार को हुई बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और ठंड ने अपना असर बढ़ा दिया। मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। शिमला जिले में भी बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में हालांकि मौसम में सुधार के संकेत हैं। 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि इसके बाद सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।